बेतिया में कोचिंग जा रही 7 छात्राओं समेत 8 लोगों को बोलेरो ने उड़ा दिया। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। सीसीटीवी में दिख रहा है कि छात्राएं साइकिल से जा रही हैं।
बोलेरो चालक ने सबसे पहले पीछे चल रही छात्रा को उड़ा दिया। छात्रा कार के बोनट पर गिर पड़ी। बोलेरो का चालक उसे 20 फीट तक घसीटता ले गया और आगे चल रही छात्राओं को रौंद डाला।
सड़क पर चल रहा व्यक्ति भी बोलेरो की चपेट में आ जाता है। सभी की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा बेतिया-लौरिया नेशनल हाईवे पर हीरो बाइक एजेंसी के पास हुआ।
बारातियों को छोड़ बोलेरो वापस लौट रहा था। इसके फ्रंट शीशे पर दूल्हा-दुल्हन के नाम वाला एक पैम्फलेट चिपकाया गया था। घटना के वक्त बोलेरो में चालक के अलावा कोई नहीं था।
अब इन तस्वीरों में हादसा समझिए…
हादसे की सूचना पर पहुंची लौरिया थाना पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाज के लिए पहले लौरिया सीएचसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने 6 छात्राओं की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद बेतिया के जीएमसीएच रेफर कर दिया है।
लौरिया थानाध्यक्ष कैलाश कुमार ने बताया कि घायल सभी छात्राओं की उम्र 15 वर्ष है। घायलों में बसवरिया गर्व टोला गांव निवासी हरेंद्र यादव की पुत्री पूजा कुमारी, संजय महतो की पुत्री ममता कुमारी, हीरालाल शर्मा की पुत्री अंजलि कुमारी शामिल हैं।
6 छात्राओं का GMCH बेतिया में चल रहा इलाज
इनके साथ ही छोटे लाल महतो पुत्री अहिना कुमारी, शत्रुघ्न प्रसाद पुत्री संध्या कुमारी, ध्रुव प्रसाद पुत्री छोटी कुमारी, उपेन्द्र प्रसाद पुत्री निर्मला कुमारी व लौरिया नौका टोला निवासी 40 वर्षीय बृजेश पटेल शामिल हैं।
लौरिया थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी छात्राएं 10वीं की छात्रा हैं। वह अपने घर से कोचिंग के लिए लौरिया जा रही थी। पुलिस ने मौके से बोलेरो को जब्त कर लिया है
बोलेरो का चालक जुबैद मियां (55) चौतरवा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वे बारात लेकर सुगौली गए थे। घटना बारात से लौटते समय हुई। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर चालक को जेल भेजा जाएगा।